डेली न्यूज़ टाइम्स...जिया उल्ला खान...
बिलासपुर :- सरकंडा थाना पुलिस को झपटमारी और चोरी के दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार झपटमार को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें एक घर में चोरी और जेवर की बिक्री की पूरी साजिश उजागर हुई। इस मामले में पुलिस ने कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चोरी करने वाले, जेवर खरीदने वाला सुनार और गिरवी रखने में मदद करने वाली महिला शामिल है।
📌 झपटमारी से खुला चोरी का राज
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 मई की रात करीब 11:45 बजे चांटीडीह निवासी राममूर्ति साहू अपने ससुराल से लौटते समय शनिचरी शराब भट्ठी के पास मोबाइल से बात कर रहे थे। तभी दो अज्ञात युवकों ने उनका मोबाइल और गले की सोने की चेन झपटकर बैराज की ओर भाग निकले। इस पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 792/25 धारा 304(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक आरोपी मनीष गंधर्व उर्फ दादू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि उसका साथी अंकित साहू फरार चल रहा था।
📌 फरार आरोपी पकड़ा गया, तो खुल गई चोरी की वारदात
7 जून को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अंकित साहू शनिचरी रपटा क्षेत्र में जेवर बेचने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने मनीष गंधर्व के साथ झपटमारी की और फिर अपने अन्य साथी अनीश मेमन के साथ मिलकर
चिंगराजपारा इलाके के एक मकान से करीब ₹2 लाख के सोने-चांदी के जेवर भी चुराए थे।
आरोपियों ने चोरी किए जेवर को रतनपुर के सुनार पंकज सोनी को ₹30,000 में बेच दिया था, जबकि बाकी जेवर को अनीश मेमन की मां शबाना बेगम ने छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में गिरवी रख दिया।
📌 दूसरी चोरी की गुत्थी भी सुलझी
पुलिस ने जब जेवर की जानकारी जुटाई, तो पता चला कि 5 जून को अनुपा साहू नामक महिला द्वारा दर्ज कराई गई चोरी की रिपोर्ट (अपराध क्रमांक 805/25, धारा 331(4), 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस) से जेवरों का मिलान हो रहा है। इस पर दोनों प्रकरणों को जोड़ा गया।
👮♂️ गिरफ्तार आरोपी:
- अंकित साहू, 23 वर्ष — झपटमारी व चोरी
- अनीश मेमन उर्फ परवेज, 22 वर्ष — चोरी में शामिल
- पंकज सोनी, 32 वर्ष — चोरी के जेवर की खरीदी
- शबाना बेगम, 22 वर्ष — जेवर गिरवी रखने में मदद
✅ पुलिस टीम की सराहना
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय के नेतृत्व में बनी पुलिस टीम ने उल्लेखनीय कार्य किया। टीम में प्रआर प्रमोद सिंह, प्रआर बलवीर सिंह, आर विवेक राय, आर विकास यादव, आर एस के पाटले और आर संजीव जांगड़े शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे अपराधों पर त्वरित कार्रवाई कर अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी