डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
बिलासपुर — शहर के नामी होटल पैट्रिशियन में सिरगिट्टी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर होटल के प्रथम तल पर ठहरे कुछ बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना मिलने पर पुलिस ने छापेमारी की।
मौके पर पहुँची टीम ने होटल प्रबंधन से पूछताछ करते हुए आगंतुक रजिस्टर की जांच की। सभी कमरों की विधिवत जाँच की गई, जो सामान्य पाए गए। लेकिन कमरा नंबर 2008, जो तुषार अग्रवाल के नाम पर बुक किया गया था, वहाँ पुलिस को पाँच युवक और दो युवतियाँ आपत्तिजनक स्थिति में मिले।
कमरे में शराब सेवन और हुक्का पार्टी चल रही थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कोटपा एक्ट के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई की। मौके पर मौजूद सभी लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई है।
सबसे बड़ी बात यह रही कि कमरा तुषार अग्रवाल के नाम पर बुक था, लेकिन उसमें उपस्थित लोग कोई और थे। इस गड़बड़ी को देखते हुए होटल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है, साथ ही नगरीय निकाय विभाग को भी पत्राचार कर सख्त वैधानिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
स्थानीय पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने का सकारात्मक संदेश गया है। शहरवासियों ने कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि होटल और लॉज संचालक भविष्य में नियमों का पालन करेंगे।