सकरी में घर के अंदर हुई लाखों की चोरी का खुलासा, महिला नौकरानी समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

डेली न्यूज़ टाइम्स.. जिया उल्ला खान...



बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने महज कुछ घंटों के भीतर ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला घरेलू सहायिका, उसका भाई और एक सुनार शामिल है। आरोपियों के कब्जे से लगभग ₹2.01 लाख के सोने-चांदी के जेवर व नकदी जब्त की गई है।


क्या है मामला:
आसमा कॉलोनी निवासी रजनी सिंह ने 18 जून को थाना सकरी में शिकायत दर्ज कराई कि 10 मई को उसने अपनी अलमारी में सोने की चैन, मंगलसूत्र, कान की बाली व ₹11,000 नकद रखा था। 17 जून को अलमारी खोलने पर देखा कि सारा सामान गायब था। महिला ने अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस की सक्रियता:
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

जांच के दौरान संदेह के आधार पर घर में काम करने वाली नौकरानी दुर्गेश्वरी वर्मा से सख्ती से पूछताछ की गई। पहले तो वह पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन बाद में उसने जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि चोरी किए जेवरों को अपने भाई हरिशंकर कश्यप के माध्यम से विनोद सोनी नामक सुनार को बेच दिया था।

जब्त सामान:

  • दुर्गेश्वरी से: सोने की चैन, मंगलसूत्र और ₹1500 नकद
  • हरिशंकर से: ₹2200 नकद
  • विनोद सोनी से: 1 जोड़ी सोने की बाली

कुल बरामदगी: ₹2,01,931

गिरफ्तार आरोपी:

  1. दुर्गेश्वरी वर्मा (23 वर्ष), अटल आवास, सकरी
  2. हरिशंकर कश्यप (25 वर्ष), अटल आवास, सकरी
  3. विनोद सोनी (62 वर्ष), ग्राम मोहतरा कुर्मी, थाना लालपुर, मुंगेली

पुलिस टीम में शामिल अधिकारी:
निरीक्षक प्रदीप आर्य, सउनि राजकुमार वस्त्रकार, म.प्र.आर. मालती तिवारी, आरक्षक अफाक खान, रूपेश कौशिक और म.आर. कीर्तन पोर्ते की सक्रिय भूमिका रही।

थाना सकरी की पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता से यह साबित किया है कि अपराध करने वाले बच नहीं सकते। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि घरेलू सहायकों की नियुक्ति से पहले उनकी जानकारी अवश्य सत्यापित करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post