डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
बिलासपुर, सकरी: थाना सकरी क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान से चोरी की वारदात का पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी सुभाष सतनामी, उम्र 46 वर्ष, निवासी अमेरी, थाना सकरी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 52,000 रुपये कीमत का सामान बरामद किया है, जिसमें 14 बंडल वायर (तार), एक पुट्टी मिक्सर मशीन, एक ब्लेंडर मशीन और 5 नग स्टील के नल शामिल हैं।
✔ घटना का विवरण:
दिनांक 21 जून 2025 को प्रशांत कुमार, उम्र 33 वर्ष, निवासी शिव शक्ति नगर घुरू, थाना सकरी, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने मकान का निर्माण करवा रहा है। 20 जून को उसने निर्माण कार्य के लिए 14 बंडल वायर, पुट्टी मिक्सर मशीन, ब्लेंडर मशीन और स्टील के नल खरीदकर निर्माण स्थल पर रखे थे। शाम को जब वह मकान देखने पहुँचा, तो उसने देखा कि कमरे का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान चोरी हो चुका था।
पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर तत्काल अपराध क्रमांक 412/2025, धारा 305(A), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
✔ पुलिस की कार्रवाई:
चोरी की सूचना मिलते ही थाना सकरी की टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक टीम गठित की गई और क्षेत्र में सक्रिय संदिग्धों की तलाश तेज की गई। मुखबिर की सूचना पर संदेही सुभाष सतनामी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
प्रारंभ में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात को कबूल कर लिया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने आरोपी के बताए स्थान से चोरी गया सारा सामान बरामद कर लिया।
✔ बरामद सामान:
- 14 बंडल वायर (तार)
- 1 नग पुट्टी मिक्सर मशीन
- 1 नग ब्लेंडर मशीन
- 5 नग स्टील के नल
कुल अनुमानित कीमत: ₹52,000
✔ पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका:
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य, प्रआर रवि कुमार लहरे, आरक्षक सुमन कश्यप, अमित पोर्ते, आशीष शर्मा और विनेन्द्र कौशिक की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और पीड़ित को उसका सामान वापस मिल गया। इस कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है।