गौरेला नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर नगर की समस्याओं पर की चर्चा

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का हाल ही में जीपीएम जिले का दौरा ऐतिहासिक और जनहितकारी रहा। "सुशासन तिहार" के अंतर्गत मुख्यमंत्री ने कई जनकल्याणकारी योजनाओं में भाग लेकर जनता से सीधा संवाद स्थापित किया। इसी दौरान गौरेला नगर पालिका अध्यक्ष श्री मुकेश दुबे ने मुख्यमंत्री से विशेष रूप से मुलाकात कर नगर की जमीनी समस्याओं और जनअपेक्षाओं से उन्हें अवगत कराया।


श्री दुबे ने मुख्यमंत्री को एक लिखित ज्ञापन सौंपा, जिसमें गौरेला नगर की प्रमुख समस्याएं जैसे – जल आपूर्ति की अस्थायी व्यवस्था, जर्जर सड़कें, ड्रेनेज की अव्यवस्था, नगर सीमा विस्तार से जुड़ी प्रशासनिक अड़चने, सफाई व्यवस्था में सुधार, और युवाओं के लिए खेल व रोज़गार के अवसरों की कमी जैसी बिंदुओं को प्राथमिकता के साथ शामिल किया गया।

जनहित में योजनाओं के क्रियान्वयन का दिया भरोसा

मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान श्री दुबे ने यह भी स्पष्ट किया कि वे प्रदेश सरकार की प्रत्येक योजना को नगर के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, "गौरेला नगर की जनता को शासन की प्रत्येक योजना का समुचित लाभ मिले, इसके लिए नगर पालिका पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। हम मुख्यमंत्री जी से मिले मार्गदर्शन के अनुसार विकास की गति को और तेज़ करेंगे।"

मुख्यमंत्री का भरोसा – "गौरेला को विकास से नहीं होगी वंचित"

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नगर पालिका अध्यक्ष की बातों को गंभीरता से सुना और कहा कि गौरेला के विकास के लिए सरकार पूरी तरह तत्पर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़ी किसी भी योजना में धन या संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर की प्राथमिक आवश्यकताओं पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

जनता में आशा और विश्वास की लहर

नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे की इस पहल से नगरवासियों में आशा की एक नई किरण जगी है। लोगों को विश्वास है कि अब उनकी समस्याएं केवल सुनवाई तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि उनके स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कार्य होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post