डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
बिलासपुर,
सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के हरदीकला टोना गांव में बुधवार देर रात जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पारिवारिक विवाद के चलते हुई मारपीट में 35 वर्षीय गीताराम साहू की मौत हो गई, जबकि एक गर्भवती महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक गीताराम साहू का अपने चचेरे भाइयों सुनील, रवि और सागर से लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बीते कई महीनों में दोनों पक्षों के बीच कई बार बैठकों के माध्यम से सुलह की कोशिश की गई, लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका।
बुधवार रात करीब 10 बजे विवाद फिर उभर आया और देखते ही देखते बात कहासुनी से बढ़कर खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि सुनील, रवि और सागर ने लाठी, तब्बल और सब्बल से गीताराम पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गीताराम को सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने आई महिलाओं को भी चोटें आईं। एक गर्भवती महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
घटना की सूचना पर सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सिविल लाइन सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।