सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर महिलाओं और बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो अपलोड करने वाले आरोपी को कोटा पुलिस ने दबोचा

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....

कोटा, जिला बिलासपुर (छत्तीसगढ़) –

 सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर महिलाओं और बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो अपलोड करने वाले एक युवक को कोटा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की पहचान संजीत कुमार उर्फ सोनू रात्रे (32 वर्ष), निवासी ग्राम लोकबंद, थाना कोटा के रूप में हुई है

यह कार्रवाई चेतना अभियान के तहत साइबर अपराधों पर नियंत्रण के उद्देश्य से की गई। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्यरत एनसीआरबी (नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो), नई दिल्ली द्वारा साइबर टीप लाइन के माध्यम से प्राप्त सूचना के आधार पर मामले की जांच शुरू की गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने फेसबुक और गूगल जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर महिलाओं और नाबालिग बच्चों के आपत्तिजनक वीडियो अपलोड किए थे। इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस टीम ने साइबर सेल बिलासपुर के सहयोग से आरोपी की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की और उसे ग्राम लोकबंद से गिरफ्तार किया।

आरोपी के विरुद्ध सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(बी) एवं पॉक्सो अधिनियम की धारा 15(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, सहायक उप निरीक्षक ओंकार बंजारे, आरक्षक भोप साहू (1056) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस विभाग ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया के माध्यम से फैलाए जा रहे आपत्तिजनक कंटेंट की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि इस प्रकार के अपराधों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।



Post a Comment

Previous Post Next Post