डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अशांति फैलाने वाले तीन युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मुख्य आरोपी लूटू पाण्डेय कार में खतरनाक स्टंट करते हुए इंस्टाग्राम पर रील बना रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा समझाने पर उसने उल्टा बहस शुरू कर दी।
घटना 21 मई की है। जानकारी के अनुसार रितेश उर्फ लूटू पाण्डेय, उम्र 25 वर्ष, निवासी प्रभात चौक चिंगराजपारा, अपनी कार से सड़क पर स्टंट कर रहा था और उसका वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर रहा था। स्थानीय नागरिकों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने जब युवक को रोका और समझाया, तो वह आक्रामक हो गया और कहने लगा, "क्या मैं इंस्टाग्राम पर रील नहीं बना सकता?" उसने पुलिस के साथ बहसबाजी शुरू कर दी।
इसी दिन गश्त के दौरान पुलिस को डबरीपारा क्षेत्र में दो अन्य युवक — बाल मुकुंद यादव उर्फ छोटू (उम्र 29 वर्ष, निवासी डबरीपारा, साइंस कॉलेज) और विक्रम उर्फ जोधर गंधर्व (उम्र 29 वर्ष, निवासी स्कूल चौक, चिंगराजपारा) — अपने घर के बाहर गाली-गलौच करते और क्षेत्र की शांति भंग करते मिले। इन्हें भी समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वे भी वाद-विवाद करने लगे और माहौल बिगाड़ने की स्थिति उत्पन्न हो गई।
पुलिस ने तीनों युवकों को मौके से हिरासत में लिया और थाना लाकर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
सरकंडा थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने बताया कि थाना क्षेत्र में सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है। भविष्य में भी इस प्रकार के तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।