ओडिशा के 5 गांजा तस्कर रायपुर में गिरफ्तार, 40 किलो से अधिक मादक पदार्थ जब्त

डेली न्यूज़ टाइम्स.... जिया उल्ला खान.....

रायपुर,– छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रेलवे सुरक्षा बल और थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ओडिशा के पाँच अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 40.280 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत ₹8,05,600 बताई जा रही है।


वाल्टियर लाइन से पकड़े गए आरोपी

यह कार्रवाई खमतराई थाना क्षेत्र अंतर्गत वाल्टियर लाइन के पास डिविजनल स्टोर डिपो के पीछे की गई, जहां आरोपी नीम के पेड़ के नीचे बैठे हुए संदिग्ध अवस्था में पाए गए। मुखबिर से मिली सूचना पर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सेटलमेंट रायपुर एवं खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर पाँचों आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

ओडिशा से रायपुर तक फैला नेटवर्क

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  1. वासुदेव महानंद (36 वर्ष)
  2. राज तांडी (19 वर्ष)
  3. रमेश तांडी (29 वर्ष)
  4. देवा महानंद (31 वर्ष)
  5. कपिलाश गउड़ (22 वर्ष)

सभी आरोपी ओडिशा के जिला कालाहांडी स्थित तुलागांव नरलालोड के निवासी हैं। आरोपियों के पास से चार अलग-अलग बैगों में रखे गांजा को बरामद किया गया।

‘कृष्णा’ को सौंपने वाले थे गांजा

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह गांजा सत्यभान गउड़ नामक व्यक्ति द्वारा ओडिशा में उनके पास भेजा गया था, जिसे रायपुर में किसी ‘कृष्णा’ नामक व्यक्ति को सौंपना था। आरोपियों ने बताया कि वे लोग तय स्थान पर ‘कृष्णा’ के पहुंचने का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस अभियान का हिस्सा

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे "नशे के खिलाफ विशेष अभियान" का हिस्सा है। अभियान के तहत रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम और साइबर यूनिट सहित थाना प्रभारियों को नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।

आगे की जांच जारी

मामले में थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 450/2025, धारा 20 (B) नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंकेजेस के आधार पर अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि इस गिरोह का नेटवर्क ओडिशा से लेकर रायपुर और आस-पास के जिलों तक फैला हो सकता है।


रायपुर पुलिस का कहना है कि शहर को नशा मुक्त बनाने की दिशा में इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेंगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post