डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
बिलासपुर
बिलासपुर जिले के कोटा थाना अंतर्गत बेलगहना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोबाइल चोरी कर उन्हें बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के कुल 5 नग मोबाइल फोन, जिसकी कुल कीमत लगभग 1,20,000 रुपये आंकी गई है, बरामद किए गए हैं
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मेंद्र सोनी उर्फ बंधु सोनी, उम्र 55 वर्ष, निवासी टेंगनमाडा, चौकी बेलगहना, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
मुखबिर की सूचना से हुई कार्रवाई की शुरुआत
दिनांक 14 मई 2025 को बेलगहना पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि टेंगनमाडा निवासी धर्मेंद्र सोनी चोरी के मोबाइल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) को अवगत कराया गया, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती अर्चना झा (रा.पु.से.) एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर आरोपी धर्मेंद्र सोनी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में कबूला अपराध
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले तीन-चार महीनों से सिम्स बिलासपुर, विवेकानंद गार्डन और बिलासपुर-चिरमिरी ट्रेन से मोबाइल चोरी कर रहा था। उसने दो मोबाइल स्वयं पेश किए, वहीं बाकी तीन मोबाइल अपने नाबालिग पुत्र को बेचने के लिए दे दिए थे।
नाबालिग से पूछताछ करने पर उसने बताया कि पिता के कहने पर तीन मोबाइल क्रमशः
- अंशुल जान (₹8000),
- सूरज साहू (₹6000)
- और अजय रजक (₹1500) को बेचे थे।
प्राप्त रकम को आरोपी ने शराब पीने और अन्य खर्चों में उपयोग करना बताया।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
नाबालिग द्वारा बताए गए अनुसार पुलिस ने तीनों व्यक्तियों के पास से चोरी के मोबाइल बरामद किए। पूछताछ में उन्होंने यह स्वीकार किया कि मोबाइल उन्हें आरोपी के पुत्र से मिले थे।
अंततः धर्मेंद्र सोनी उर्फ बंधु सोनी को धारा 35(1-5) BNSS, 303, 317 BNS के तहत विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा गया।
पुलिस टीम की विशेष भूमिका
इस सफल कार्रवाई में चौकी बेलगहना के प्रभारी उप निरीक्षक भावेश शेंडे, ASI भरत राठौर, आरक्षक ईश्वर नेताम एवं विजेंद्र कोल की विशेष भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि ऐसे अपराधों पर लगाम लगाने के लिए आगे भी सतत निगरानी व कार्रवाई जारी रहेगी