डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी ने पार्टी का झांसा देकर महिला को अपने घर बुलाया और जबरन शारीरिक संबंध बनाया। पीड़िता की शिकायत के 12 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय फिरतू राम पटेल, निवासी गणेश वेली, मोपका ने 17 मई 2025 की शाम पीड़िता को घर में पार्टी होने की बात कहकर बुलाया। कुछ देर साथ बैठने और खाने-पीने के बाद जब पीड़िता घर लौटने की बात करने लगी, तो आरोपी ने जबरदस्ती उसे अपने बेडरूम में ले जाकर बलात्कार किया। साथ ही किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के चलते डरी-सहमी पीड़िता ने 28 मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 376, 506 भादंवि और एसटी/एससी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत मामला दर्ज किया।
थाना सरकंडा की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसी दिन यानी 28 मई को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि महिला अत्याचार से संबंधित मामलों में तत्परता से कार्रवाई की जा रही है और इस प्रकार के मामलों में कोई भी ढिलाई नहीं बरती जाएगी।