एक हत्या करूं या दो, सजा तो उतनी ही मिलेगी'' धमकी के बाद महिला डॉक्टर को दी रूह कंपा देने वाली मौत....

डेली न्यूज़ टाइम्स...
हरयाणा....
हरियाणा के फरीदाबाद में महिला डॉक्टर की हत्या का मामला सामने आया है। हत्या का आरोप पति और देवर पर लगा है। करीब 10 घंटे तक महिला डॉक्टर का शव कमरे में पड़ा रहा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। 
परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद शव करीब 10 घंटे तक कमरे में पड़ा रहा, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब रात में महिला डॉक्टर के परिजन क्लिनिक पर पहुंचे तो कमरे में खून से लथपथ शव देखकर उनके होश उड़ गए। 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया। मृतक डॉक्टर की छोटी बहन पूजा ने इस हत्या के लिए प्रियंका के पति लख्मी चंद और मृतक के देवर यानि पूजा के पति भगत सिंह को जिम्मेदार ठहराया है। दोनों बहनों की शादी एक ही घर में दोनों भाइयों के साथ हुई थी।

उन्होंने बताया कि प्रियंका का पति उसे लगातार धमकियां दे रहा था। परिवार का आरोप है कि प्रियंका की हत्या पूरी योजना के तहत की गई। हत्या से एक दिन पहले ही प्रियंका की सास और देवर क्लीनिक पर आए थे। महिला के दोनों बच्चों नकुल(14) और एकता (10) को जबरदस्ती अपने साथ ले गए थे। 

इस दौरान मृतक प्रियंका के साथ मारपीट भी की गई। मृतका की बहन पूजा ने बताया कि प्रियंका को कई दिनों से धमकियां मिल रही थीं, जिसकी शिकायत आदर्श नगर थाने में पहले ही दर्ज कराई गई थी। लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
बंद मिल रहा था फोन
परिजनों ने बताया कि उन्होंने प्रियंका से सुबह 11 बजे फोन पर बात की थी। उसके बाद बार-बार फोन बंद आ रहा था। जब रात 9 बजे परिजन खुद क्लिनिक पहुंचे और ऊपर जाकर देखा, तो प्रियंका का शव बेड के किनारे पड़ा मिला। पूरे कमरे में खून बिखरा हुआ था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद जांच शुरू हुई।

 

चार साल से अलग रह रही थीं प्रियंका
प्रियंका की शादी 2010 में होडल के गांव भीड़की में हुई थी, लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते वह पिछले चार साल से बल्लभगढ़ में किराए के मकान में रहकर अपना क्लिनिक चला रही थीं। उनके पति भगत सिंह सेक्टर-16 में डायल 112 की गाड़ी पर चालक हैं, जबकि लख्मीचंद ट्रक चालक हैं।

 

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post