रायपुर में ज्वैलरी पार्क को लेकर तैयारी तेज... सराफा प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने CSIDC अध्यक्ष राजीव अग्रवाल से की मुलाकात

डेली न्यूज़ टाइम्स... (जिया उल्ला खान )...

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सराफा उद्योग के लिए बहुप्रतीक्षित ज्वैलरी पार्क परियोजना को लेकर महत्वपूर्ण पहल करते हुए छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं CCCI के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कमल सोनी ने रायपुर स्थित CSIDC कार्यालय में छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (CSIDC) के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल से सौजन्य भेंट की।


इस अवसर पर कमल सोनी ने रायपुर में प्रस्तावित ज्वैलरी पार्क को ऐतिहासिक स्वीकृति प्रदान किए जाने पर छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन की ओर से राजीव अग्रवाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार व्यक्त किया तथा बधाई दी।

बैठक के दौरान ज्वैलरी पार्क के शीघ्र क्रियान्वयन, भूमि आवंटन, आवश्यक आधारभूत संरचनाओं के विकास तथा प्रदेश के हजारों सुनार एवं छोटे सराफा कारीगरों को शासकीय योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

कमल सोनी ने बताया कि ज्वैलरी पार्क की स्थापना से छत्तीसगढ़ के सराफा उद्योग को नई दिशा मिलेगी तथा स्थानीय कारीगरों और व्यापारियों के लिए रोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रदेश के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बैठक में राजीव अग्रवाल ने विश्वास दिलाया कि प्रस्तावित ज्वैलरी पार्क छत्तीसगढ़ के सराफा उद्योग को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगा और "आत्मनिर्भर भारत" के संकल्प को मजबूती प्रदान करेगा।

इस दौरान कमल सोनी ने 28 जून 2026, रविवार को बिलासपुर में आयोजित होने वाले "सराफा महा सम्मेलन" में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए राजीव अग्रवाल को सादर आमंत्रित किया। सम्मेलन में "सुरक्षा प्रथम", BIS कार्यशाला तथा व्यापारी कल्याण से जुड़े विषयों पर उनके मार्गदर्शन की अपेक्षा व्यक्त की गई।

कमल सोनी ने कहा कि सराफा समाज की एकजुटता और समाजजनों के सहयोग से उद्योग हित में किए जा रहे प्रयास लगातार सफल हो रहे हैं तथा भविष्य में भी समाज के विकास और हितों की रक्षा के लिए कार्य जारी रहेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post