सुशांत शुक्ला की पहल से बेलतरा को बड़ी सौगात, 3.58 करोड़ की लागत से बनेगा बालक छात्रावास; युवाओं के सपनों को मिलेगा नया आसमान

डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....
बिलासपुर। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के युवाओं, खिलाड़ियों और विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। विधायक सुशांत शुक्ला के लगातार प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है और छत्तीसगढ़ सरकार ने बिलासपुर खेल परिसर में 358.90 लाख रुपये की लागत से आधुनिक बालक छात्रावास के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
इस परियोजना के माध्यम से दूरस्थ ग्रामीण और अंचल क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को सुरक्षित, सुविधायुक्त और बेहतर आवासीय व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी। इससे न केवल खेल प्रतिभाओं को उचित वातावरण मिलेगा, बल्कि शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के नए अवसर भी खुलेंगे।

विधायक सुशांत शुक्ला ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने और खेल अधोसंरचना के विकास के लिए गंभीरता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को बेहतर संसाधन और अवसर उपलब्ध कराना है। खेल परिसर में बालक छात्रावास बनने से दूर-दराज़ के खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे प्रतिभाओं को निखारने, बेहतर प्रशिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने और क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि यह केवल एक भवन निर्माण परियोजना नहीं है, बल्कि क्षेत्र के युवाओं के सपनों को नई उड़ान देने वाला कदम है। आने वाले समय में खेल सुविधाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि बेलतरा विधानसभा क्षेत्र खेल और शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में प्रदेश में खेल, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हो रहे हैं, जिनका सीधा लाभ युवाओं और आम नागरिकों को मिल रहा है।
इस स्वीकृति की खबर से खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने इसे युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी निर्णय बताते हुए विधायक सुशांत शुक्ला, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post