डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान ).....
बिलासपुर। शहर के श्री राम केयर हॉस्पिटल में एक आरक्षक की उपचार के दौरान हुई मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस गंभीर घटना को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।
NSUI के पूर्व प्रदेश सचिव सोहराब खान के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि पुलिस विभाग में कार्यरत आरक्षक की इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली और उपचार में संभावित लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं, जिससे पूरे मामले में आक्रोश का माहौल है।
ज्ञापन में NSUI ने चार प्रमुख मांगें रखी हैं—
पूरे मामले की जांच के लिए विशेषज्ञों की स्वतंत्र मेडिकल टीम का गठन किया जाए।
भर्ती से लेकर मृत्यु तक के उपचार, दवाइयों और डॉक्टरों की रिपोर्ट की गहन समीक्षा की जाए।
संबंधित वार्ड के CCTV फुटेज और ड्यूटी चार्ट को जांच के दायरे में शामिल किया जाए।
जांच में यदि अस्पताल प्रबंधन या किसी डॉक्टर की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
NSUI ने प्रशासन से अपील की है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जल्द और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि मृतक के परिजनों को न्याय मिल सके।