डेली न्यूज़ टाइम्स... जिला जीपीएम....
जिला जीपीएम में इंटक (राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस) के जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी अपनी टीम के साथ मजदूरों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और अधिकारों की जानकारी जुटा रहे हैं। पहले ही घोषित कार्यक्रम के तहत वे असंगठित क्षेत्र के मजदूरों से सीधे संपर्क कर उनकी मजदूरी, सुरक्षा, भविष्यनिधि (PF) और बीमा से जुड़ी स्थिति का सर्वे कर रहे हैं।
इदरीस अंसारी ने बताया कि प्रदेश इंटक के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें हर मजदूर की वास्तविक स्थिति का डेटा इकट्ठा कर प्रदेश स्तर पर भेजा जाएगा। इसके आधार पर संगठन आगे की रणनीति बनाकर सरकार के सामने मजदूरों के हितों को मजबूती से रखेगा।
अभियान के तहत टीम सबसे पहले ग्राम पंचायत पढ़खुरी में बन रहे पुल पर पहुंची, जहां काम कर रहे मजदूरों से उनकी मजदूरी और सुरक्षा संबंधी जानकारी ली गई। इसके अलावा मेंडुका, लालपुर और गौरेला-मथुरा सहित विभिन्न पेट्रोल पंपों और कार्यस्थलों पर भी मजदूरों से बातचीत की गई।
इस दौरान श्रम विभाग के फार्म भरवाकर मजदूरों के हस्ताक्षर भी लिए गए, ताकि भविष्य में किसी तरह का दबाव या गलत जानकारी देने की स्थिति न बने। इंटक टीम ने पूरी प्रक्रिया का वीडियो रिकॉर्ड भी तैयार किया है।
इदरीस अंसारी ने बताया कि एक सप्ताह तक लगातार यह दौरा जारी रहेगा। यदि सभी क्षेत्रों का सर्वे पूरा हो जाता है, तो 1 मई (अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस) के अवसर पर इसकी विस्तृत रिपोर्ट राष्ट्रीय नेताओं और आम जनता के सामने रखी जाएगी।
उन्होंने साफ कहा कि मजदूरों के हक और अधिकारों में किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। जहां भी कमी या शिकायत मिलेगी, उसकी जानकारी श्रम विभाग, लेबर कमिश्नर और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी, ताकि कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
अब देखने वाली बात होगी कि इस पहल से जिले के असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को उनके अधिकार दिलाने में कितनी सफलता मिलती है।