डेली न्यूज़ टाइम्स.... ( जिया उल्ला खान )
बिलासपुर।ल.... अमेरी इलाके में देर रात हुई लूट और मारपीट की वारदात ने सकरी थाना पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है, जब दो अज्ञात युवक खुलेआम वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए, लेकिन इलाके में पुलिस की मौजूदगी नजर नहीं आई।
प्रार्थी आदित्य कोसले, निवासी विनायक विहार अमेरी, जो पेशे से ड्राइवर है, 26 फरवरी की रात अपने ससुराल सतनाम नगर गया था। देर रात खाना खाने के बाद वह अपने साथी अमन बघेल के साथ घर लौट रहा था। दिलीप किराना स्टोर के पास दो युवक शराब मिलने की जगह पूछने लगे। जानकारी नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अचानक आदित्य का पर्स (2430 रुपये) तथा अमन का मोबाइल छीनकर भागने लगे।
विरोध करने पर एक आरोपी ने लोहे की वस्तु से आदित्य पर हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ और पीठ में चोट आई। अमन को भी धक्का देकर घायल कर दिया गया। सवाल यह उठता है कि देर रात रिहायशी इलाके में बदमाश इतनी आसानी से वारदात कर कैसे फरार हो गए? क्या उस समय पुलिस गश्त नहीं थी?
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि अमेरी क्षेत्र में रात के समय असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ रही हैं और गश्त की कमी साफ नजर आ रही है।
अब देखना यह होगा कि सकरी पुलिस आरोपियों तक कब तक पहुंच पाती है और क्या इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ठोस कदम उठाए जाते हैं या नहीं।