बिलासपुर। शबाना बेगम को प्रियंका गांधी वाड्रा से प्रेरित संगठनात्मक ढांचे के तहत आल इंडिया प्रियंका गांधी कांग्रेस संगठन की बिलासपुर महिला जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति संगठन की प्रदेश अध्यक्ष सहाना बेगम द्वारा की गई है। इस नियुक्ति को लेकर स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।
पहले भी निभा चुकी हैं महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां
शबाना बेगम इससे पहले पंच महिला समूह की अध्यक्ष सहित विभिन्न सामाजिक पदों पर सक्रिय रह चुकी हैं। महिला सशक्तिकरण, गरीब और जरूरतमंद परिवारों की मदद तथा संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
संगठन को मजबूत करने का संकल्प
जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर शबाना बेगम ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि जिले में संगठन को मजबूत करने, नई कार्यकर्ताओं को जोड़ने और जल्द ही संगठन विस्तार अभियान शुरू करने की योजना बनाई जाएगी।
कांग्रेस की विचारधारा पर जताया भरोसा
शबाना बेगम ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जो गरीब, मजदूर, किसान, पिछड़े, आदिवासी और दलित समाज को आगे बढ़ाने का अवसर देती है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी की सोच “सबको बराबर सम्मान” देने की है और उसी भावना के साथ संगठन देशभर में काम कर रहा है।
कार्यकर्ताओं को दिया संदेश
उन्होंने कहा कि उनकी नियुक्ति से यह संदेश जाता है कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को भी नेतृत्व का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रहने का आह्वान किया।