डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान)...
रायपुर। रायपुर रेंज पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के अंतर्गत बड़ी सफलता मिली है। एंड्रॉइड यूजर्स को निशाना बनाकर फर्जी ऐप और हैकिंग लिंक के जरिए ऑनलाइन ठगी करने वाले दो मुख्य आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी Winmate और Wingo जैसे फर्जी ऐप के माध्यम से लोगों के मोबाइल हैक कर बैंक खातों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर रहे थे।
मामले की शुरुआत थाना विधानसभा क्षेत्र से हुई, जहां प्रार्थी धर्मेंद्र सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके मोबाइल पर RTO e-challan के नाम से एक SMS आया था। लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और बैंक खाते से 4 लाख 52 हजार रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 8/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 3(5) एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(D) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
तकनीकी जांच से हुआ पूरे नेटवर्क का खुलासा
रेंज साइबर थाना द्वारा विवेचना के दौरान गूगल, बैंक, यूट्यूब, मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों और टेलीग्राम से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर Task Complete, Instant Bonus, Referral Bonus और गेम खेलकर कमाई जैसे प्रलोभन देकर फर्जी APK ऐप्स का प्रचार करते थे।
ये ऐप प्ले स्टोर या ऐप स्टोर पर उपलब्ध नहीं होते थे। जैसे ही यूजर इन्हें इंस्टॉल करता, ऐप उसे बोनस राशि दिखाकर भरोसे में ले लेता और SMS Task के नाम पर उसके मोबाइल से बड़ी संख्या में फर्जी चालान और संदिग्ध लिंक भेजने लगता। इन लिंक पर क्लिक करने से मोबाइल हैक हो जाता और बैंक खाते या ई-वॉलेट से रकम निकाल ली जाती।
Swiggy/Instamart से की जाती थी ठगी की रकम की हेराफेरी
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि साइबर ठग ठगी की रकम को छिपाने के लिए Swiggy और Instamart जैसे क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए सामान खरीदते थे और उसकी डिलीवरी देश के अलग-अलग राज्यों में कराते थे, ताकि पैसों की ट्रेसिंग मुश्किल हो जाए।
दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पहले भी पकड़े जा चुके हैं ठग
इस मामले में दो मुख्य आरोपी
पृथ्वी बिश्नोई और नरसिंह सिंह को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक खाते जब्त किए गए हैं। इससे पहले भी इसी तरह के मामलों में WinGo ऐप के जरिए साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को महाराष्ट्र, ओडिशा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरन
पृथ्वी कुमार बिश्नोई उर्फ राहुल, पिता हीराराम, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम डोलीकला, थाना कल्याणपुर, जिला बाड़मेर, राजस्थान
नरसिंह सिंह, पिता नैना राम, उम्र 24 वर्ष, निवासी भोपालगढ़, जिला जोधपुर, राजस्थान
पुलिस की आमजन से अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि
किसी भी ऐप को केवल Play Store या App Store से ही डाउनलोड करें।
“गारंटीड मुनाफा” और “आसान कमाई” जैसे प्रलोभनों से सावधान रहें।
अनावश्यक अनुमति मांगने वाले ऐप्स इंस्टॉल न करें।
किसी भी अज्ञात लिंक या APK फाइल पर क्लिक न करें।
साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in� पर शिकायत दर्ज कराएं।