डेली न्यूज़ टाइम्स.... ( जिया उल्ला खान )...
बिलासपुर। जिले में लगातार बढ़ रही कापर वायर चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन और तारबहार थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर कापर वायर चोरी करने वाले शातिर चोर, एक अपचारी बालक तथा चोरी का माल खरीदने वाले दो कबाड़ियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 173 फीट कापर वायर, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 700 रुपये बताई जा रही है, जब्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एसी से कापर वायर चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी सिविल लाइन द्वारा विशेष टीम गठित की गई थी। टीम लगातार क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की पतासाजी कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एचडीएफसी बैंक के बाजू मंगला चौक के पास दो व्यक्ति एसी का कापर वायर चोरी कर ले गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर संदेही राहुल गंधर्व एवं एक अपचारी बालक को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित मुथूट फाइनेंस लिमिटेड, व्यापार विहार के ऑफिस पार्किंग एवं मंगला चौक के पास स्थित एक डिजिटल मार्केटिंग ऑफिस में लगे एसी से कापर वायर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी किया गया कापर वायर उन्होंने तारबहार थाना क्षेत्र के कबाड़ी कमलकांत दत्ता उर्फ डोकरा को बेचा था।
इसके अलावा आरोपियों ने तारबहार थाना क्षेत्र में भी कापर वायर चोरी करना स्वीकार करते हुए चोरी का माल तालापारा निवासी कबाड़ी मोहम्मद याकुब को बेचना बताया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों कबाड़ियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों और कबाड़ियों के कब्जे से कुल 173 फीट कापर वायर बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 1,00,700 रुपये आंकी गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन एवं तारबहार थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 76/2026, 119/2026, 24/2026 एवं 32/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से जिले में कापर वायर चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी।
इस पूरी कार्रवाई में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिविल लाइन एस.आर. साहू, सउनि चंद्रकांत डहरिया, प्रधान आरक्षक विकास सेंगर, आरक्षक आशीष राठौर एवं वीरेंद्र राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।
Advt