प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर ठगी करने वाले 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार

डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान ).....
बिलासपुर..
प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि स्वीकृत कराने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मोटरसायकल बदल-बदलकर अलग-अलग स्थानों पर वारदात को अंजाम देते थे और अधिक लाभ दिलाने का लालच देकर पीड़ितों से नगद रकम एवं सोने-चांदी के जेवरात अमानत के रूप में लेते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सिविल लाईन, थाना कोतवाली एवं अन्य थाना क्षेत्रों में लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि तत्काल दिलाने का झांसा देकर पीड़ितों से पैसे व जेवरात ले रहे हैं। योजना की राशि में देरी होने पर योजना निरस्त हो जाने का डर दिखाकर वे लोगों को अपने झांसे में ले लेते थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सिविल लाईन पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी। इस दौरान घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसमें प्रत्येक घटना में दो व्यक्ति पैशन प्रो मोटरसायकल क्रमांक CG-10-BY-9201 से आते-जाते दिखाई दिए।

सीसीटीवी फुटेज और प्रार्थियों द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने दीनदयाल कॉलोनी क्षेत्र से संदिग्ध रामप्रसाद यादव और जितेन्द्र यादव को थाना तलब कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने जानकी भट्ट, उषा साहू, अगमदास टंडन और शांति बाई यादव से प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि स्वीकृत कराने के नाम पर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया।

आरोपियों के कब्जे से एक पैशन प्रो मोटरसायकल, नगद 4,500 रुपये तथा सोने-चांदी के जेवरात, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 लाख 56 हजार रुपये है, जप्त किए गए। पूछताछ में यह भी सामने आया कि जप्त जेवरात को गनियारी निवासी कन्हैया सोनी के पास गिरवी रखा गया था, जिसे थाना तलब कर विधिवत पूछताछ की गई।

पुलिस ने इस मामले में रामप्रसाद यादव, जितेन्द्र यादव और कन्हैया सोनी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post