दिनदहाड़े लूट के प्रयास करने वाला अंतर्राज्यीय गिरोह धराया, तिहाड़ जेल का सजायाफ्ता आरोपी गिरफ्तार

डेली न्यूज़ टाइम्स.. ( जिया उल्ला खान )....
बिलासपुर।
दिनदहाड़े कट्टा अड़ाकर लूट के प्रयास करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक  रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के कुशल मार्गदर्शन में ए.सी.सी.यू., साइबर सेल एवं थाना सरकंडा की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
घटना 19 दिसंबर 2025 की है, जब जबड़ापारा निवासी लखन उर्फ निटी देवांगन सुबह करीब 7:15 बजे एक्टिवा से दुकान जा रहा था। आनंद डेयरी के पास मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उसकी स्कूटी रोककर कट्टा दिखाते हुए सोने की चैन लूटने का प्रयास किया। पीड़ित के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घटनास्थल व आसपास लगे 300 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर लोकेशन अनूपपुर रेलवे स्टेशन में मिलने पर टीम भेजी गई, जहां से गगनदीप बंसल (42 वर्ष), निवासी करावल नगर, दिल्ली को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पूर्व में हत्या के मामले में तिहाड़ जेल में सजा काट चुका है, जहां उसकी पहचान विजय लांबा से हुई थी। जेल से छूटने के बाद विजय लांबा, आमीर और शकील के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई गई। घटना को अंजाम देने के लिए तखतपुर और अंबिकापुर से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल किया गया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर Honda Shine (CG 10 AS 2450) एवं TVS Sports (CG 15 CK 1036) मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया है। मामले में शामिल विजय लांबा, आमीर और शकील फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। घटना में प्रयुक्त कट्टा भी फरार आरोपी के पास होना बताया गया है।

बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि CCTV और तकनीकी साक्ष्य अपराधियों तक पहुंचने में अहम हथियार बन चुके हैं, और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post