जिला जीपीएम....खराब सड़क बन रही जान की दुश्मन: बंजारी घाट में बस हादसा, 6 यात्री घायल

डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....

जीपीएम जिले के बंजारी घाट में मंगलवार शाम सड़क की बदहाली एक बार फिर हादसे का कारण बनी। दीप ट्रेवल्स की यात्री बस अनियंत्रित होकर प्रोटेक्शन वॉल से जा टकराई, जिससे बस में सवार छह यात्री घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस पेंड्रा से बिलासपुर की ओर जा रही थी।


सूचना मिलते ही केंदा चौकी पुलिस, और मेडिकल टीम एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।


स्थानीय लोगों का कहना है कि बंजारी घाट की सड़क अत्यधिक जर्जर हो चुकी है और खतरनाक मोड़ों के कारण यहां वाहन चालकों को भारी परेशानी होती है। सड़क की खराब स्थिति के चलते अक्सर वाहन नियंत्रण खो बैठते हैं, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं।


बीते वर्षों में इसी घाट पर कई हादसे हो चुके हैं, जिनमें तीर्थयात्रियों और मजदूरों समेत अनेक लोग घायल हुए हैं। बावजूद इसके प्रशासन की ओर से अब तक सड़क मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हादसे के बाद लोगों ने एक बार फिर प्रशासन से तत्काल मरम्मत और इस क्षेत्र को ‘ब्लैक स्पॉट’ घोषित करने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post