डेली न्यूज़ टाइम्स ( जिया उल्ला खान )...
बिलासपुर।
बिलासपुर। इंडियन मुस्लिम प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट के सीजन–2 का आज औपचारिक रूप से कैलेंडर विमोचन किया गया। कार्यक्रम में आयोजन समिति ,के अध्यक्ष तौसीफ़ खान एवं संरक्षक वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सलीम राज विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके कर-कमलों से टूर्नामेंट के कार्यक्रम का अनावरण किया गया।
आयोजन समिति ने जानकारी दी कि यह प्रतिष्ठित रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता 8 फरवरी से 16 फरवरी 2026 के बीच गवर्नमेंट स्कूल मिनी स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों को भाग लेने का अवसर मिलेगा। सभी मुकाबले नाइट मैच के रूप में खेले जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिलेगा।
कैलेंडर विमोचन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सलीम राज ने कहा कि खेल युवाओं के जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण हिस्सा है। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास करता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि हर समाज के लोगों को खेलों के प्रति आगे आना चाहिए और युवाओं को अधिक से अधिक खेल गतिविधियों से जोड़ना चाहिए।
उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि इस आयोजन को और बेहतर एवं भव्य बनाने के लिए वे आयोजन समिति के साथ खड़े हैं तथा शासन स्तर से हर संभव सहयोग दिलाने का प्रयास करेंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष तौसीफ खान ने बताया कि यह टूर्नामेंट का दूसरा वर्ष है। वर्ष 2025 में इसका पहला सीजन सफलतापूर्वक आयोजित किया गया था, जिसमें 16 टीमों ने भाग लिया और दर्शकों का जबरदस्त समर्थन मिला। पहले सीजन की सफलता को देखते हुए इस वर्ष भी सीजन–2 में 16 टीमों को ही प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोजन समिति का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक दिशा देना और खेल के माध्यम से समाज में एकता व भाईचारे का संदेश देना है।
कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं आयोजन से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से वहीदुल्ला खान, साजिद अवनी, शकील भाई, फैजान खान, शिबू मोहम्मद अजहरूद्दीन, सलमान कुरेशी, तौफीक मेहमान, अबरार अली, गप्पू, एहतेशाम खान, अलीम खान एवं टीपू शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और भरोसा जताया कि इंडियन मुस्लिम प्रीमियर लीग का सीजन–2 खेल प्रेमियों के लिए रोमांचक, अनुशासित और यादगार साबित होगा।