डेली न्यूज़ टाइम्स...( जिया उल्ला खान )....
गौरेला–पेंड्रा–मरवाही:
पेंड्रा–सिवनी मार्ग पर स्थित मझगवां गांव के पास तड़के सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को रौंदती चली गई। बताया जा रहा है कि कार चालक शराब के नशे में था और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था।
हादसा उस समय हुआ जब तीन लोग बस का इंतजार कर रहे थे। अचानक आई कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके साथ खड़ी महिला और एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को सड़क किनारे से हटाकर प्राथमिक सहायता दी और एंबुलेंस को सूचना दी।
दुर्घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और सड़क पर चक्काजाम कर विरोध जताने लगे। भीड़ ने गाड़ी चालक को पकड़कर उसकी पिटाई भी कर दी, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक पूरी तरह नशे में था और वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं था।
सूचना पर थाना पेंड्रा पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने भारी भीड़ के बीच से चालक को सुरक्षित निकालकर हिरासत में लिया। वहीं गंभीर रूप से घायल महिला और बच्ची को तुरंत जिला अस्पताल गौरेला भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद मझगवां और आसपास के क्षेत्रों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने और सख्त निगरानी बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।