डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान)....
रायपुर। राह चलते लोगों से मोबाइल फोन झपटकर फरार हो जाने वाले दो शातिर आरोपियों को कबीर नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से कुल 13 चोरी के मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 1 लाख 41 हजार रुपये बताई गई है।
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि दिनांक 07 नवम्बर 2025 को प्रार्थिया अपने निवास यदुवंशी चौक, हीरापुर से डॉक्टर के क्लीनिक ड्यूटी के लिए पैदल जा रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 09:50 बजे क्लीनिक से फोन आने पर वह मोबाइल पर बात कर रही थी। तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल सवार युवक आया और हाथ से ओप्पो A3 प्रो मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गया। आरोपी ने अपने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था और वह गणपत चौक की ओर भाग निकला। पीड़िता की शिकायत पर थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 232/2025, धारा 304(2), 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी कबीर नगर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, पीड़िता व आसपास के लोगों से पूछताछ की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिरों को सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान आरोपियों की पहचान शहजाद अली और सोनू निषाद के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों को चिन्हांकित कर पकड़ा और पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि वे शहर के कई इलाकों में मोबाइल झपटमारी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। उनकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी के 13 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अलावा वारदात में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04 MN-3262 भी जब्त की गई।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
---
गिरफ्तार आरोपी:
1. शहजाद अली
पिता – मुस्ताक अली, उम्र 30 वर्ष
निवासी – ग्राम कमरिया, थाना मौदहा, जिला हमीरपुर (उत्तर प्रदेश)
वर्तमान पता – रावांभाटा खेल मैदान के पास, थाना खमतराई, रायपुर
2. सोनू निषाद
पिता – नंदू निषाद, उम्र 25 वर्ष
निवासी – हरदेलाल चौक, रावाभांटा, थाना खमतराई, रायपुर