डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान..
बिलासपुर....
मैग्नेटो मॉल के पार्किंग क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त हंगामा हो गया जब पुलिस विभाग की शासकीय गाड़ी को खड़ा कर रहे चालक से मॉल में तैनात एक सुरक्षा गार्ड ने अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बी.आई.एस. सिक्योरिटी सर्विसेज में कार्यरत गार्ड जीवन कुमार डहरिया, निवासी ग्राम झाल, थाना बिल्हा, ने पुलिस वाहन चालक और गनमैन के साथ वाद-विवाद करते हुए दुर्व्यवहार किया। मौके पर मौजूद गवाहों ने बताया कि उक्त गार्ड अन्य आम नागरिकों से भी इसी प्रकार की बदसलूकी कर रहा था। जब उसे समझाने का प्रयास किया गया, तो उसने और अधिक हुज्जतबाजी की।
घटना की सूचना तत्काल थाना सिविल लाइन पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बी.आई.एस. सिक्योरिटी सर्विसेज के हेड मैनेजर से संपर्क कर घटना की जानकारी साझा की।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि गार्ड जीवन कुमार डहरिया को कंपनी ने बिना चरित्र सत्यापन के नियुक्त किया था। आगे की जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी के विरुद्ध पहले से ही तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं —
- थाना बिल्हा (20 जनवरी 2016) — जुआ खेलने एवं खिलवाने का मामला।
- 20 फरवरी 2024 — मारपीट का मामला, जिसमें धारा 307 (हत्या का प्रयास) भी जोड़ी गई थी।
- 27 मार्च 2024 — बल्वा एवं सार्वजनिक मार्ग अवरोध का प्रकरण।
इसके बावजूद आरोपी गार्ड ने सोशल मीडिया पर एक भ्रामक वीडियो प्रसारित कर थाना सिविल लाइन पुलिस पर निराधार आरोप लगाए, ताकि अपने आपराधिक इतिहास से ध्यान भटकाया जा सके।
सभी तथ्यों की जांच के बाद थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
साथ ही, मॉल जैसे सार्वजनिक स्थलों पर बिना चरित्र सत्यापन के हथियारबंद गार्ड तैनात करने के मामले को गंभीर मानते हुए, संबंधित सिक्योरिटी एजेंसी को नोटिस जारी कर पृथक कार्यवाही की जा रही है।