डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
बिलासपुर। एवीएम सैनिक स्कूल में आयोजित दो दिवसीय ‘कलाम विदिन मी’ कार्यक्रम का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का जीवन संघर्ष, मेहनत और सकारात्मकता का प्रतीक है — जो हर विद्यार्थी के लिए प्रेरणास्रोत है
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सुतापा सरकार एवं अरुणा राणा, जबकि सम्माननीय अतिथि श्रीमती शुभदा जोगेलेकर उपस्थित रहीं।
श्रीवास्तव ने कहा कि एवीएम विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की नींव पर खड़ा है और यहाँ के विद्यार्थी अब आकाश की ऊँचाइयाँ छूने को तैयार हैं।
विज्ञान, संस्कृति और रचनात्मकता का संगम
कार्यक्रम के दूसरे दिन आयोजित इसरो क्विज प्रतियोगिता में नन्हें वैज्ञानिकों ने अपनी वैज्ञानिक समझ व दृष्टिकोण से सबको प्रभावित किया। साइंस एग्ज़िबिशन में बच्चों ने खाना परोसने वाला रोबोट, स्मार्ट डस्टबिन, पवनचक्की, स्मार्ट शूज़ फॉर ब्लाइंड, वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम जैसे मॉडल प्रस्तुत कर अपनी कल्पनाशक्ति को नई उड़ान दी।
विशिष्ट अतिथि मिलिट्री साइंटिस्ट अरुणा राणा ने ‘इंस्पायरों विजन’ के तहत बच्चों को ड्रोन, रॉकेट और मिसाइल की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन
‘ताल तरंग’ (नृत्य) और ‘स्वर तरंग’ (गायन) प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘छत्तीसगढ़ की झलक’ नामक झाँकी में राज्य की संस्कृति, व्यंजन, वेशभूषा और लोकनृत्य ने सबका दिल जीत लिया।
‘कलाम गैलरी’ में डॉ. कलाम के जीवन से जुड़ी झलकियाँ प्रदर्शित की गईं, जो विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक रहीं।
शिक्षकों की प्रतिभा भी चमकी
टीचिंग मेथडोलॉजी पर आधारित वाद-विवाद प्रतियोगिता में शिक्षकों ने पारंपरिक व आधुनिक शिक्षण पद्धतियों पर अपने विचार रखे।
प्रथम स्थान पर गुरदीश कौर, द्वितीय रितेश पांडेय और तृतीय दीप्तांशु सर रहे।
विजेताओं की सूची
- ताल तरंग (ग्रुप A): प्रथम – नारायणा ई-टेक्नो, द्वितीय – कर्नल्स एकेडमी, तृतीय – एवीएम
- स्वर तरंग (ग्रुप A): प्रथम – अन्वित बागची (DAV), द्वितीय – विहशन पमनानी, तृतीय – सौम्यदीप मंडल
- इसरो क्विज: ग्रुप A – एवीएम प्रथम, ग्रुप B – प्रयास विद्यालय प्रथम
- साइंस एग्ज़िबिशन: प्रथम – ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल
- बास्केटबॉल: प्रथम – एवीएम, द्वितीय – केपीएस
- टीचिंग मेथडोलॉजी: प्रथम – गुरदीश कौर
सम्मान और समापन
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के चेयरमैन डॉ. अजय श्रीवास्तव ने दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए सभी शिक्षकों व स्टाफ को सम्मानित किया।
डायरेक्टर एस.के. जनास्वामी और प्रिंसिपल जी.आर. मधुलिका ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।