डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
बिलासपुर। थाना सीपत पुलिस ने एक बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए ग्राम सेलर के हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में शराब पीकर गाली-गलौज व हुड़दंग मचाने वाले आरोपी हनुमान प्रसाद कश्यप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 07 अक्टूबर 2025 की है। थाना सीपत को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सेलर निवासी हनुमान प्रसाद कश्यप पिता स्व. जुठूराम कश्यप, उम्र 41 वर्ष, शराब के नशे में स्कूल परिसर के अंदर पहुंचकर शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच गाली-गलौज करते हुए शोरगुल मचा रहा है, जिससे स्कूल का माहौल खराब हो गया और पढ़ाई प्रभावित होने लगी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सीपत के निर्देशन में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को समझाइश देने का प्रयास किया गया, लेकिन उसके न मानने पर उसे हिरासत में लेकर थाना लाया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 36(च)(2) आबकारी एक्ट एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। आरोपी को कार्यपालिक दण्डाधिकारी, सीपत के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा लगातार क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और हुड़दंगियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में सीपत पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई कर कानून व्यवस्था बनाए रखने का सराहनीय कार्य किया गया है।