डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
गौरेला नगर पालिका वार्ड क्रमांक 15 निवासी गोविन्द रोहड़ी ने अपनी सेंटरिंग की लकड़ी, प्रधानमंत्री आवास का लेंटर डालने हेतु किराए पर आरिफ खान निवासी टिकर वार्ड 12 को दी थी। महीनों बीत जाने के बाद भी न तो लेंटर डाला गया और न ही लकड़ी या उसका किराया वापस किया गया। इससे परेशान गोविन्द रोहड़ी ने अपनी शिकायत लेकर राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) जिला कार्यालय का रुख किया।
जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने तत्काल आरिफ खान से संपर्क कर तीन दिन के भीतर मामला सुलझाने का निर्देश दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि समय सीमा में लकड़ी वापस नहीं की गई, तो पुलिस की मदद से मकान से लकड़ी निकालकर गोविन्द रोहड़ी को लौटाई जाएगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
इसी तरह, दूसरा मामला ग्राम पंचायत माढा कोट (मरवाही) से जुड़ा है। शिकायतकर्ता मोहम्मद सिद्दिक पिता सफितुल्ला ने बताया कि उनकी पुस्तैनी पट्टे की जमीन पर दबंगई करते हुए मोहम्मद हसीब निवासी पेंड्रा और उसके भाइयों ने जबरन कब्जा करने की कोशिश की। शिकायत करने पर मरवाही थाने में उन्हें डांटकर भगा दिया गया और उल्टा एक सिपाही के साथ जाकर उनकी जमीन का खूंटा गाड़ने की कार्रवाई की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने एसपी को जानकारी देकर दोषी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही, यह मामला मरवाही एसडीएम और तहसीलदार को भी भेजा जाएगा ताकि निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।
इंटक अध्यक्ष का कहना है कि – “आज गरीब मजदूर, किसान, आदिवासी और हर वर्ग के लोग अपनी समस्याएँ लेकर इंटक कार्यालय आते हैं। यदि ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि अपने स्तर पर ही लोगों की समस्याएँ सुलझाएँ तो कई मामले गांव में ही समाप्त हो सकते हैं। लेकिन चुनाव के बाद जनता को भूल जाना आम बात हो गई है।”