डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
बिलासपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र में मंदिर पुजारी जागेश्वर पाठक की हत्या के अंधे कत्ल का राज़ महज़ 12 घंटे में खोलने में बिलासपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस जटिल मामले को सुलझाने में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजनेश सिंह के नेतृत्व और एएसपी ग्रामीण अर्चना झा, एसडीओपी कोटा, तखतपुर थाना पुलिस व ACCU टीम की संयुक्त मेहनत का अहम योगदान रहा।
प्रेम संबंध बना हत्या का कारण
मृतक जागेश्वर पाठक, पाठ बाबा मंदिर का पुजारी था। अधिया खेती के दौरान उसकी नज़दीकियां आरोपी सुरेश धुरी की पत्नी से बढ़ गई थीं। इस अवैध संबंध के चलते आरोपी और उसकी पत्नी का छह माह पूर्व सामाजिक तलाक हो गया था। इसी रंजिश में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पूजा के बहाने बुलाकर हत्या
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने मृतक को मोटरसाइकिल की पूजा कराने के बहाने बुलाया और मौके पर मौजूद ईंट व सस्पेंशन पाइप से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी फरार हो गए।
पुलिस टीम की सक्रियता और सफलता
एसएसपी राजनेश सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने वारदात के बाद लगातार पतासाजी की। एएसपी ग्रामीण अर्चना झा, एसडीओपी कोटा और थाना तखतपुर टीम ने ACCU के साथ मिलकर तकनीकी व मानवीय संसाधनों का उपयोग करते हुए अपराधियों को धर दबोचा। देर रात धमतरी पुलिस की मदद से मुख्य आरोपी सुरेश धुरी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस कार्य की सराहना
एसएसपी ने इस पूरी कार्रवाई में शामिल सभी अधिकारियों और स्टाफ की सतर्कता व मेहनत की प्रशंसा की। पुलिस की त्वरित कार्यवाही से न केवल हत्या का राज़ खुला बल्कि आम जनता का पुलिस पर विश्वास और भी मजबूत हुआ है।