डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
रायपुर। गणेश विसर्जन झांकी के दौरान रायपुर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अपराधियों, गुंडा-बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर कड़ा शिकंजा कसा। पुलिस की इस सक्रियता और तत्परता से किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं घटी।
रायपुर पुलिस की कार्रवाई में—
- 111 से अधिक आरोपी/बदमाश/संदिग्धों पर आर्म्स एक्ट, चोरी और प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्यवाही की गई।
- आरोपियों के कब्जे से एक दर्जन से अधिक चाकू और कैंची बरामद हुए।
- करीब 20 किलो वजनी कड़ा, जिसे बदमाश भीड़ में सिर पर मारकर चोट पहुंचा रहे थे, पुलिस ने जब्त किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह और पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देश पर, रायपुर के सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों ने मुस्तैदी से मोर्चा संभाला।
पुलिस ने झांकी और आसपास के इलाकों में उपद्रव मचाने वाले 100 से अधिक बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। वहीं, 10 से अधिक आरोपियों पर आर्म्स एक्ट की कार्रवाई करते हुए चाकू और कैंची जब्त की गई। थाना मौदहापारा पुलिस ने चोरी करते हुए एक आरोपी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
झांकी के दौरान पुलिस ने हजारों लोगों से कड़ा उतरवाकर जब्त किया और 10 से अधिक नाबालिगों को संदिग्ध गतिविधियों में पकड़कर परिजनों की मौजूदगी में कड़ी समझाइश देने के बाद सुपुर्द किया।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि आगामी त्यौहारों में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए बदमाशों व असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।