ऑपरेशन साइबर शील्ड: तीन बैंक अधिकारी गिरफ्तार, म्यूल बैंक अकाउंट खोलने के बदले ब्रोकरों से ली रकम

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...

रायपुर।
रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय रायपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन बैंक अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन अधिकारियों ने म्यूल बैंक अकाउंट खोलने के दौरान बैंक के ड्यू-डीलीजेन्स और केवाईसी नॉर्म्स का पालन नहीं किया, साथ ही खाता खोलने के बदले ब्रोकरों से रकम भी प्राप्त की।


आईजी रायपुर रेंज श्री अमरेश मिश्रा ने साइबर क्राइम पोर्टल में रिपोर्टेड म्यूल बैंक अकाउंट की जांच हेतु योजना बनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए थे कि खाता धारकों, संवर्धकों, उत्प्रेरकों, फर्जी सिम विक्रेताओं और संलिप्त बैंक अधिकारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए। इसी कड़ी में रेंज साइबर थाना को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बैंकिंग नियमों का उल्लंघन करते हुए संदिग्ध खातों को बिना पर्याप्त दस्तावेजों की पुष्टि के खोला और इसके बदले बिचौलियों से आर्थिक लाभ लिया।

पंजीकृत अपराध

  • थाना टिकरापारा – अपराध क्रमांक 229/25
  • थाना सिविल लाइन – अपराध क्रमांक 44/25
  • थाना गुढियारी – अपराध क्रमांक 17/25

इन मामलों की विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ में आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।

गिरफ्तार बैंक अधिकारी

  1. अभिनव सिंह, पिता नरेश सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी झंडा चौक सेक्टर-02, शिवानंद नगर, खमतराई, रायपुर (एक्सिस बैंक अधिकारी)
  2. प्रवीण वर्मा, पिता लक्ष्मण प्रसाद वर्मा, उम्र 37 वर्ष, निवासी रोहिणीपुरम फेस-1, बोरसी, पदमनाभपुर, दुर्ग (इंडियन ओवरसीज बैंक अधिकारी)
  3. प्रीतेश शुक्ला, पिता लालजी शुक्ला, उम्र 32 वर्ष, निवासी शिवानंद नगर, गुढियारी, रायपुर (रत्नाकर बैंक लिमिटेड अधिकारी)

यह कार्रवाई साइबर अपराधों के विरुद्ध पुलिस की सख्त मुहिम का हिस्सा है, जिसके तहत म्यूल अकाउंट नेटवर्क और उनसे जुड़े भ्रष्ट तत्वों को जड़ से खत्म करने का प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post