डेली न्यूज़ टाइम्स .. जिया उल्ला खान
बिलासपुर। ग्राम पंचायत गोरखपुर निवासी सलीम खान पिता वसीम खान पर आठ मजदूरों से ठगी करने का गंभीर आरोप सामने आया है। बताया जा रहा है कि सलीम खान ने वेंकटनगर के मजदूरों को इलाहाबाद बैंक से लोन (KCC) दिलाने और अपनी बैंक में पकड़ का झांसा देकर कुल 29 हजार रुपए वसूले।
मजदूरों को जब पता चला कि उनके साथ ठगी हो चुकी है तो उन्होंने सलीम खान से रकम वापस मांगनी चाही, लेकिन आरोपी आज-कल करने के बाद मोबाइल नंबर बंद कर फरार हो गया।
इंटक जिला कार्यालय पहुँचे मजदूर
किसी ने पीड़ित मजदूरों को राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) जिला कार्यालय जाने की सलाह दी, जिसके बाद सभी मजदूर अपनी शिकायत लेकर इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी के पास पहुँचे।
इंटक अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने मजदूरों की फरियाद सुनते हुए बताया कि –
“इससे पहले भी आरोपी को तीन बार समय दिया गया था, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। यह साफ है कि मजदूरों के साथ ठगी हुई है। अब इंटक परिवार सोमवार को पुलिस अधीक्षक से मिलकर सलीम खान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मजदूरों का पैसा लौटाने की मांग करेगा।”
इंटक का स्पष्ट रुख – गरीबों को दिलाया जाएगा हक
इदरीस अंसारी ने कहा कि इंटक कार्यालय में आने वाली हर शिकायत गंभीरता से ली जाती है, चाहे मजदूर किसी भी जिले या राज्य के हों। हाल ही में वन विभाग मरवाही का मामला भी सामने आया था, जहां कटनी के मजदूरों को मजदूरी नहीं मिल रही थी। जैसे ही मजदूरों ने इंटक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई, इदरीस अंसारी ने तत्काल DFO मैडम से मुलाकात कर अगले ही दिन मजदूरी का भुगतान कराया।
अब सबकी निगाहें पुलिस कार्रवाई पर
इंटक परिवार ने साफ कर दिया है कि मजदूरों के हक की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ी जाएगी। अब देखना होगा कि पुलिस इस ठगी के मामले में क्या कार्रवाई करती है और क्या मजदूरों को उनका पैसा वापस मिल पाता है या नहीं।