बलौदा में मेटाडोर चोरी की वारदात चंद घंटों में सुलझी — नवागांव से आरोपी गिरफ्तार, वाहन बरामद

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....

जांजगीर-चांपा, 05 जुलाई 2025

थाना बलौदा क्षेत्र में देर रात घर के सामने से चोरी हुई मेटाडोर वाहन की वारदात को पुलिस ने महज कुछ घंटों में सुलझा लिया। आरोपी को नवागांव से चोरी के वाहन के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलौदा निवासी विकास अग्रवाल ने थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपने घर के सामने मेटाडोर वाहन (एलपीटी, क्रमांक CG10 Z 4565) खड़ा किया था, जो सुबह गायब मिला। आसपास तलाश करने पर जब कोई सुराग नहीं मिला, तब उन्होंने थाना में रिपोर्ट दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 266/25 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बलौदा पुलिस की टीम अलग-अलग क्षेत्रों में जांच के लिए रवाना की गई। इसी दौरान नवागांव की ओर मेटाडोर जाते हुए देखे जाने की सूचना पर पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाई और नवागांव हटरी चौक के पास से आरोपी रमेश कुमार गोंड (उम्र 28 वर्ष), निवासी बेलंदियाडीह थाना बलौदा को चोरी किए गए वाहन के साथ धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने ही वाहन चोरी किया है। पुलिस ने गवाहों के समक्ष मेटाडोर जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी पूर्व में ट्रैक्टर चोरी के एक मामले में भी गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार एवं थाना बलौदा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से वाहन चोरी की वारदात का त्वरित खुलासा हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post