डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
रायपुर...
थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने फरार हिस्ट्रीशीटर रोहित सिंह तोमर की पत्नी भावना तोमर (30 वर्ष) निवासी साईं विला भाटागांव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से कीमती 15 लाख का जगुवार वाहन, 2 मोबाइल (कीमत 30 हजार रुपये) और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।
बताया गया कि भावना तोमर शुभकामना वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की संचालक थी और कंपनी के नाम से जमीन की खरीदी-बिक्री करती थी। आरोपी ने 3 लाख रुपये उधारी देकर 15 लाख का वाहन गिरवी रखवाया, फिर 5 लाख रुपये देने के बावजूद 10 लाख रुपये और मांगे गए।
गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉक्टर लाल उम्मेद सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दौलतराम पोर्ते, लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन के पर्यवेक्षण में की गई।
दरअसल, थाना तेलीबांधा के अपराध क्रमांक 332/2025 में आरोपी रोहित तोमर फरार है। तलाशी वारंट के तहत उसके निवास पर दबिश में आरोपी तो नहीं मिला, लेकिन घर से जमीन खरीदी-बिक्री के दस्तावेज, कोरा स्टांप, हस्ताक्षर युक्त इकरारनामा और कोरे चेक बरामद हुए।
जांच में गवाहों ने बयान दिया कि रोहित तोमर, वीरेंद्र तोमर समेत उनके परिवारजन और साथी उधार के एवज में कोरे चेक व स्टांप पर हस्ताक्षर कराते थे और लगातार जान-माल की धमकी देकर ब्याज वसूली करते थे।
पुलिस ने भावना तोमर को पूछताछ के बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 15 जुलाई 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।