पति-पत्नी की साजिश: महिला से धोखाधड़ी कर शादी कराने वाले आरोपी गिरफ्तार.....मैरिज ब्यूरो की संचालिका निकली आरोपी की पत्नी, सकरी पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....

बिलासपुर.....

थाना सकरी क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां मैरिज ब्यूरो की संचालिका और उसके पति ने मिलकर एक महिला से धोखे से शादी करवा दी। सकरी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


🔎 क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक महिला ने थाना सकरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2024 में उसके परिजनों ने गुरुघासीदास ग्रुप में विवाह हेतु उसका प्रोफाइल डाला था। इसके बाद सतनाम मैरिज ब्यूरो, बिलासपुर की संचालिका चित्रा कुमारी ने संजय कुमार चौधरी नामक युवक का प्रोफाइल दिखाकर शादी की बात चलाई।

चित्रा कुमारी ने दावा किया कि संजय मूलतः मुंगेली का निवासी है और वर्तमान में हरियाणा में शिक्षक के पद पर कार्यरत है। दोनों की शादी 14 दिसंबर 2024 को गिरौदपुरी धाम में सतनामी समाज की रीति-रिवाज से कराई गई।

🏠 शादी के बाद हुआ खुलासा

शादी के बाद पीड़िता अपने पति संजय के साथ हरियाणा चली गई। कुछ ही समय में उसे पता चला कि संजय पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। हैरानी की बात यह रही कि जांच के दौरान सामने आया कि मैरिज ब्यूरो की संचालिका चित्रा कुमारी, संजय की पत्नी ही है।

संजय न तो शिक्षक था और न ही उसके पास कोई काम था। दोनों ने मिलकर पीड़िता को धोखे में रखकर विवाह कराया।

🚓 सकरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई

प्रकरण की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना सकरी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को आमेरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। मामले में धारा 420 और 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

👮‍♂️ कार्रवाई में शामिल अधिकारी:

  • निरीक्षक प्रदीप आर्य (थाना प्रभारी, सकरी)
  • सहायक उप निरीक्षक राजकुमार वस्त्रकार
  • महिला प्रधान आरक्षक मालती तिवारी

Post a Comment

Previous Post Next Post