डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान......
बिल्हा (जिला बिलासपुर, छत्तीसगढ़):
थाना बिल्हा क्षेत्र में फर्जी क्राइम रिपोर्टर बनकर ईंट भट्ठा संचालकों और ट्रैक्टर चालकों से अवैध वसूली करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से नकदी व "क्राइम रिपोर्टर" लिखा हुआ वाहन जब्त किया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
बिल्हा निवासी शैलेन्द्र प्रजापति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि दिनांक 01 जून 2025 को दोपहर में एक कार (क्रमांक CG04 KYU 6382) में सवार दो पुरुष और एक महिला उनके ईंट भट्ठे पर पहुंचे। वाहन पर "क्राइम रिपोर्टर" की प्लेट लगी थी। आरोपियों ने स्वयं को पत्रकार बताकर ईंट भट्ठा संचालन के लिए एनओसी की मांग की। प्रार्थी द्वारा वैध एनओसी नहीं होने की जानकारी देने पर आरोपियों ने 27,000 रुपये की मांग की और धमकी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो समाचार में अवैध भट्ठा संचालन की खबर प्रकाशित की जाएगी। डर के चलते प्रार्थी ने 1,500 रुपये नगद दे दिए।
इसके बाद प्रार्थी ने आरोपियों को पहचान के एक व्यक्ति से बात कराई, जिसके बाद तीनों आरोपी मौके से भाग गए। शाम तक जानकारी मिली कि आरोपियों ने मंगला गांव के अन्य ईंट भट्ठा संचालकों व ट्रैक्टर चालकों से भी इसी तरह पैसे मांगे हैं। मामला वरिष्ठ अधिकारियों को बताया गया और शिकायत पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
गिरफ्तारी व जब्ती:
जांच के दौरान आरोपी मंगला क्षेत्र के एक ईंट भट्ठा के पास संदिग्ध स्थिति में घूमते मिले। ग्रामीणों की मदद से उन्हें पकड़कर थाना लाया गया। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार किया। उनके कब्जे से 1,500 रुपये नकद (500-500 के तीन नोट), "क्राइम रिपोर्टर" लिखा वाहन और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- नारायण सिंह घृतलहरे (35 वर्ष), निवासी कटई, थाना चंदनू, जिला बेमेतरा
- दीपकुमारी रजक (25 वर्ष), निवासी गोढीखुर, थाना नवागढ़, जिला बेमेतरा
- सियाराम घृतलहरे (40 वर्ष), निवासी बदरा (ब), थाना सरगांव, जिला मुंगेली
पुलिस टीम की साराहनीय भूमिका:
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक जी.एल. चंद्राकर, आरक्षक संतोष मरकाम, सुमन चंद्रवंशी एवं महिला आरक्षक सुनीता पाटले की सराहनीय भूमिका रही।