डेली न्यूज़ टाइम्स.... जिया उल्ला खान...
जांजगीर....
जांजगीर थाना क्षेत्र में हनी ट्रैप के जरिए एक युवक को फंसाकर उसके परिजनों से 17 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले एक महिला और एक पुरुष आरोपी को पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में साइबर सेल और थाना जांजगीर पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए युवक को भी सकुशल बरामद किया। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
घटना 12 जून की है जब ग्राम बसंतपुर निवासी बुधराम साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका बेटा किशन कुमार साहू शाम करीब 7 बजे टहलने निकला था। रात 8 बजे किशन के ही मोबाइल से एक अनजान व्यक्ति ने कॉल कर बताया कि किशन एक लड़की के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया है और उसका वीडियो बना लिया गया है। आरोपी ने किशन की रिहाई के बदले 17 लाख रुपये की मांग की और पैसे नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। कॉलर लगातार गाली-गलौच और धमकियां दे रहा था।
रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने धारा 140(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांजगीर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम का गठन कर पहरिया के आगे कोरबा रोड की ओर रवाना किया गया। वहां खेतों के बीच एक बोर के मकान से अपहृत युवक को सकुशल बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से आरोपी अभय कुमार सूर्यवंशी (22 वर्ष), निवासी वार्ड नं. 11, कुलीपोटा, थाना जांजगीर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने और उसकी साथी आयशा बेगम उर्फ अन्नू उर्फ अस्मिता साहू (26 वर्ष), निवासी वैगिनबंधान, भोजपुर, थाना चांपा ने वाट्सएप चैट के माध्यम से युवक को प्रेमजाल में फंसाया और फिरौती की योजना बनाई।
आरोपियों ने युवक के मोबाइल से ही उसके पिता को कॉल कर रकम की मांग की थी। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और दो स्कूटी भी जब्त की गई हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। एक अन्य आरोपी की पहचान की जा चुकी है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी, साइबर सेल प्रभारी सागर पाठक, सहायक उपनिरीक्षक विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा, आरक्षक विवेक सिंह, प्रदीप दुबे और शहबाज अहमद की भूमिका सराहनीय रही।