डेली न्यूज़ टाइम्स... (मोहम्मद शाकिब खान की रिपोर्ट)
गौरेला....
मदीना मस्जिद गौरेला में सदर मुतवल्ली का चुनाव दिनांक 24 मई दिन शनिवार को होगा। इसके लिए अधिसूचना जारी कर दी गई है ।
मदीना मस्जिद में चुनाव की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के आदेश एवं चुनाव नियमावली एवं मार्गदर्शन में यह चुनाव सम्पन्न किया जा रहा है, जिसके लिए मदीना मस्जिद से जुड़े हुए नमाजी एवं अहले सुन्नत वल जमात से जुड़े हुए लोग इस चुनाव में मतदाता होंगे और मतदान कर सदर मुतवल्ली का चुनाव करेंगे। इसके लिए वक्फ बोर्ड के आदेशानुसार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेंड्रा रोड की अध्यक्षता में सात सदस्यीय चुनाव समिति बनाई गई है, जो पूरे इस चुनाव को निष्पक्षता से शांति पूर्ण ढंग से संपन्न कराएगी। चुनाव समिति में मोहम्मद जहीर अब्बास शिक्षक, श्री शराफत अली, शिक्षक, श्री अब्दुल रशीद खान एडवोकेट, श्री जुल्फिकार अहमद, श्री अख्तर अली, मोहम्मद इलियास मंसूरी, मोहम्मद जफर खान हैं जो इस चुनाव को संपन्न कराएंगे। मुतवल्ली का यह चुनाव छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड की चुनाव मार्गदर्शिका 2022 की नियमावली एवं गाइडलाइन के अनुसार होगा। जो एक व्यक्ति एक वोट के आधार पर लोकतांत्रिक ढंग से होगा। वक्फ बोर्ड द्वारा इसकी सूचना पत्र क्रमांक /पंजीयन/आडिट/977/2024 रायपुर दिनांक 10/09/2024 द्वारा चुनाव सम्पन्न कराने एवं चुनाव समिति के गठन की सूचना कलेक्टर एवं अपर सर्वे आयुक्त वक्फ जिला गौरेला पेंड्रा मरवाही, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं सहायक सर्वे आयुक्त वक्फ पेंड्रा रोड, जिला जीपीएम , श्री मोहम्मद फिरोज खान, माननीय सदस्य छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड, पता पदुम नगर भिलाई 3 जिला दुर्ग, एवं समिति के सदस्यों एवं कार्यकारी मुतवल्ली मदीना मस्जिद गौरेला को भी दी गई है।
चुनाव हेतु मतदाता सूची तैयार कर ली गई ,जिसका अंतिम प्रकाशन जल्द ही किया जाएगा, नाम जोड़ने ,सुधरवाने की सारी प्रक्रिया कर ली गई है। पूर्व में निर्धारित चुनाव समय सारणी में आंशिक संशोधन भी किया गया है जिसके अनुसार फार्म वितरण दिनांक 05 मई 2025 से 10 मई 2025 की तारीख तय की गई है, जो कि समय सुबह 11 बजे से शाम 05 बजे तक प्राप्त किया जा सकता है। फार्म प्राप्त करने की जगह समिति के अस्थाई कार्यालय नौशाद भाई, खजांची की दुकान, मदीना मस्जिद के पास ,से प्राप्त किया जा सकता है। फार्म भरकर जमा करने की आखिरी तारीख दिनांक 10 मई शाम 05 बजे तक है। इसके पश्चात फार्म स्वीकार नहीं किया जाएगा।नामांकन फार्म की जांच स्कूटनी का काम तारीख 11मई को है। इसके साथ ही नाम वापसी की अंतिम तिथि 12 मई को दोपहर 02.00 बजे तक है । इसके पश्चात चुनाव में वैध प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह समिति द्वारा आवंटित किया जायेगा, जो कि 12मई को शाम 05 बजे तक आवंटित कर दिया जाएगा। 13 मई को पात्र सभी प्रत्याशियों को आवंटित चुनाव चिन्ह सहित सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके पश्चात दिनांक 24 मई दिन शनिवार को मतदान मदीना मस्जिद के बगल में स्थित जमात हाल में सम्पन्न होगा, चुनाव का समय सुबह 08 बजे से दोपहर 03 बजे तक का निर्धारित है।
मतदान पश्चात 24 मई को ही मतगणना होगी, एवं परिणाम की घोषणा शाम 05 बजे इंशाअल्लाह होगी, और उसी दिन विजयी प्रत्याशी को जीत का प्रमाण पत्र निर्धारित प्रारूप में दिया जाएगा, और संपूर्ण प्रक्रिया और परिणाम की सूचना राज्य वक्फ बोर्ड रायपुर को दे दी जाएगी।
चुनाव लड़ने के लिए छत्तीसग़ढ राज्य वक्फ बोर्ड द्वारा अपनी निर्वाचन नियमावली में प्रत्याशियों के लिए पात्रता की शर्ते तय की गई हैं ,जिसमें कार्यालय राज्य वक्फ बोर्ड के संशोधित आदेश क्रमांक /विधि/पंजी./1369/2002 रायपुर दिनांक 29/08/2022 एवं आदेश क्रमांक /विधि/पंजीयन/1324/2023 रायपुर दिनांक 21/08/2023 द्वारा संशोधित किया गया है, जिसके अनुसार महत्वपूर्ण संशोधन में जो निम्नानुसार है : 1 प्रत्याशी की उम्र 35 वर्ष से कम न हो। दिमागी रूप से अस्वस्थ या दिवालिया घोषित न हो।बोर्ड द्वारा अयोग्य घोषित न किया गया हो, शैक्षणिक योग्यता के संबंध में अब प्रावधान किया गया है कि उम्मीदवार इतनी योग्यता रखता हॉकी वह मस्जिद का हिसाब किताब रख सके, सी.ए. से ऑडिट करा सके तथा आवश्यक लेखों का संधारण कर सके, और नमाजी हो और मस्जिद और जमातियों की जरूरत को समझता हो,आदि।
साथ ही नामांकन दाखिल करने के लिए प्रत्येक नामांकन पत्र की लागत राशि 5000 रुपए होगी जो मस्जिद के खाते में जमा होगी, नामांकन भरते समय पहचान पत्र के रूप में अपना आधार कार्ड या वोटर आईडी कार्ड सलंग्न करे। नामांकन प्रस्तुत करते समय सलंग्न करना अनिवार्य है। समस्त प्रक्रिया समय सारणी की जानकारी सूचना राज्य वक्फ बोर्ड को दे दी गई है।