जिया उल्ला खान...
पुणे के स्वारगेट बस स्टैंड पर रेप की यह घटना 25 फरवरी को सुबह 5.45 से 6 बजे के बीच हुई, जब पीड़िता सतारा जिले में अपने गृहनगर जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी.
पुणे के स्वारगेट बस स्टैंड पर बस के भीतर 26 साल की महिला से कथित तौर पर रेप का 1 लाख का इनामी आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ (Pune Rape Accused Arrest) गया. करीब 75 घंटे की मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह पुलिस ने उसे धर दबोचा. आरोपी की पहचान दत्तात्रेय गाडे के रूप में हुई है. शिरूर तहसील के गुनात गांव के शिवर से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. बस के भीतर हिस्ट्रीशीटर दत्तात्रेय रामदास गाडे ने महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार किया. उसे पकड़ने के लिए पुलिस की 13 टीमें गठित की गई थीं.
खुद को पुलिस वाला बताकर धौंस जमाता था
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी गाडे एक राजनीतिक पार्टी से जुड़ा था. बस स्टैंड पर वह खुद को पुलिस वाला बताकर धौंस भी दिखाता था. हाल ही में महाराष्ट्र में हुए विधानसभा चुनाव में दत्तात्रेय ने एक बड़े नेता के साथ चुनाव अभियान में काम किया था. नेता के साथ उसकी कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं. वह गुनात गांव की संघर्ष-मुक्त समिति के सदस्य पद के लिए भी चुनाव में खड़ा हुआ था. हालांकि, वह चुनाव हार गया था.